अर्धशतकीय पारी के दौरान शॉट लगाती लूस
South Africa Women vs Pakistan Women Match: कप्तान लॉरा वोलवार्ट की अगुवाई में मंगलवार (21 अक्टूबर) दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच भारी बारिश से प्रभावित मैच खेला गया. दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बारिश से प्रभावित महिला एकदिवसीय विश्व कप मैच में पाकिस्तान को 150 रन से रौंद दिया. इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
इस मैच से दक्षिण अफ्रीका की टीम के छह मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं, जिससे टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर है. वहीं, टूर्नामेंट में अब तक पहली जीत का इंतजार कर रही पाकिस्तान की टीम दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर है. दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है.
दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट ने 82 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने सुने लूस (61 रन, 59 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की और टीम के 40 ओवर में नौ विकेट पर 312 रन के मजबूत स्कोर की नींव रखी.
इसके बाद अनुभवी मारिजेन कैप ने नाबाद 68 रन (43 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और नेदिन डि क्लर्क ने 41 रन (16 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) की तूफानी पारी खेलते हुए अंतिम ओवरों में टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया. इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की नींद उड़ा दी.
पाकिस्तान की तरफ से नाशरा संधू ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि सादिया इकबाल ने 63 रन देकर तीन विकेट चटकाए. बारिश के कारण मैच में कई बार व्यवधान आया और आखिरकार पाकिस्तान को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 20 ओवर में 234 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. लेकिन टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोते हुए केवल सात विकेट पर 83 रन ही बना पाई.
दक्षिण अफ्रीका की कैप ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. उन्होंने सलामी बल्लेबाज ओमैमा सोहेल (06), सिदरा अमीन (13) और आलिया रियाज (03) को पवेलियन भेजा. नोनदुसिमो शेनगेस ने 19 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने नतालिया परवेज (20) और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना (02) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की आसान जीत सुनिश्चित की.
पाकिस्तान की तरफ से नतालिया परवेज और सिदरा नवाज (नाबाद 22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं. दक्षिण अफ्रीका ने बल्लेबाजी की शुरुआत करने के बाद दूसरे ओवर में ही ताजमिन ब्रिट्स (00) का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने फातिमा की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच थमाया. इसके बाद लॉरा वोलवार्ट और सुने लूस ने पारी को संभाला. दोनों ने अर्धशतक जड़े और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.
लूस के आउट होने के बाद वोलवार्ट ने अनुभवी कैप के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की. लॉरा ने विकेट के चारों ओर आकर्षक शॉट खेले और अपनी पारी में आक्रामकता बनाए रखी. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा ने आठ ओवर में 69 रन लुटाए. उनकी गेंदबाजी पर आठ चौके और तीन छक्के लगे.
अंतिम ओवरों में डि क्लर्क ने अपनी फिनिशर की भूमिका को और मजबूत करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे. डि क्लर्क ने ऑफ स्पिनर सादिया पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का मारा और फातिमा की गेंद पर भी दो छक्के लगाए.
मारिजेन कैप ने भी सादिया पर छक्का मारा और फिर फातिमा की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया. इस तरह दक्षिण अफ्रीका की टीम ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का संयोजन करते हुए पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने न केवल अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया बल्कि टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत का रिकॉर्ड भी बनाया. वहीं, पाकिस्तान की टीम को अब टूर्नामेंट में पहली जीत का इंतजार करना होगा.
मैच जीतने के बाद जश्न मनाते कप्तान गिल और केएल राहुल
India West Indies 2nd Test Result: अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से मात देकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर घरेलू मैदान पर अपनी बादशाहत साबित की. मुकाबले में यशस्वी जायसवाल की शानदार शतकीय पारी, कप्तान शुभमन गिल की नाबाद पारी और कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ने टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई.
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 518/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया और इसके बाद पारी घोषित कर दी. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए. वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी भरी नाबाद 129 रनों की पारी खेली. इनके अलावा केएल राहुल ने भी तेजतर्रार अंदाज में 78 रन बनाए. वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके.
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में सिर्फ 248 रन पर सिमट गई. टीम के लिए एलिक एथनाज ने 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 36 रन का योगदान दिया. भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके, वहीं रवींद्र जडेजा ने 3 और जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट हासिल किए. पहली पारी के आधार पर भारत को 270 रन की बड़ी बढ़त मिली और टीम ने मेहमानों को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया.
फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही, लेकिन सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल और शाई होप ने टीम को संभाला. कैंपबेल ने शानदार 115 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 103 रनों की शतकीय पारी खेली. जस्टिन इमलाच ने भी नाबाद 50 रन जोड़कर टीम को 390 रन तक पहुंचाया. भारत की ओर से कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज को 2 विकेट मिले.
भारत को जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई और महज 9 रन पर यशस्वी जायसवाल (8) आउट हो गए. इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी. साई सुदर्शन 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल (13) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. हालांकि, केएल राहुल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 58 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया.
वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान रोस्टन चेज ने 2 और जोमेल वारिकन ने 1 विकेट लिया. इससे पहले खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने अहमदाबाद में मेहमान टीम को पारी और 140 रन से हराया था. इस तरह भारत ने 2-0 से सीरीज जीतकर वेस्टइंडीज पर क्लीन स्वीप कर लिया.
पाकिस्तान ने दुबई बांग्लादेश को किया पस्त
Ban Pak Match in Asia Cup 2025: दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप सुपर-4 के महत्वपूर्ण मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है, जहां 28 सितंबर को उसका सामना भारत से होगा.
136 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी में पूरी तरह फ्लॉप रही. टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 124 रन ही बना सकी. बांग्लादेश की ओर से शमीम हुसैन 30 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. इसके अलावा सैफ हलन ने 18 और नुरुल हसन ने 16 रन बनाए. महेदी हसन ने भी 11 रन का योगदान दिया.
पाकिस्तान की जीत का मुख्य कारण बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी रहे. अफरीदी ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने मुश्किल हालात में टीम को संभाला और फाइनल का टिकट दिलाया. शाहीन अफरीदी ने 4 ओवर में केवल 17 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके. इसके अलावा हारिस रऊफ ने 3, सईम अयूब ने 2 और नवाज ने 1 विकेट लिया.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और उसका टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल हो गया. साहिबजादा फरहान 4, सईम अयूब 0, फखर जमान 13, कप्तान बाबर आगा 19 और हुसैन तलत 3 रन बनाकर आउट हो गए. पाकिस्तान ने 49 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे.
मध्यक्रम ने टीम को संभाला. विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद हारिस ने 23 गेंदों पर 31 रन बनाए. शाहीन अफरीदी ने 13 गेंदों में 19, पिछले मैच के हीरो मोहम्मद नवाज ने 15 गेंद में 25 और फहीम अशरफ ने 9 गेंद पर 14 रन की पारी खेल टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुँचाया. पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए.
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके. महेदी हसन ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 और रिशाद हुसैन ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. मुस्तफिजुर रहमान ने भी 4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट निकाला. हार के साथ ही बांग्लादेश एशिया कप फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई. सुपर-4 के मैच में उसने पहले श्रीलंका को हराया था, लेकिन भारत और पाकिस्तान से मिली हार ने टीम की फाइनल की उम्मीदों को समाप्त कर दिया.
यह भी पढ़ें: यूपी के बाद कर्नाटक में 'I Love Muhammad' पोस्टर पर BJP ने काटा बवाल, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
भारत मलेशिया के खिलाफ मैच की झलकियां
Asia Cup Hockey 2025: भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उसे एशिया की सबसे मजबूत टीमों में गिना जाता है. बिहार के राजगीर में खेले जा रहे एशिया कप 2025 के सुपर-चार मुकाबले में टीम इंडिया ने मलेशिया को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाने की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है. यह मुकाबला कप्तान हरमनप्रीत सिंह के करियर का 250वां इंटरनेशनल मैच भी था, जिसे भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के साथ खास बना दिया.
गुरुवार (4 सितंबर) को खेले गए इस मैच की शुरुआत मलेशिया ने आक्रामक अंदाज में की. खेल के दूसरे ही मिनट में शफीक हसन ने भारतीय डिफेंस को छकाते हुए शानदार फील्ड गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन गोलपोस्ट को भेदने में नाकाम रही.
दूसरे क्वार्टर में भारत का दबदबा
दूसरे क्वार्टर में भारत ने जबरदस्त वापसी की. 17वें मिनट में पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड से गोल कर स्कोर बराबर कर दिया. इसके सिर्फ दो मिनट बाद सुखजीत सिंह ने फील्ड गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी. इसके बाद शिलानंद लाकड़ा ने भी फील्ड गोल करते हुए स्कोर 3-1 कर दिया. हाफटाइम तक भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया.
विवेकसागर ने दागा चौथा गोल
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा. इस दौरान विवेकसागर प्रसाद ने शानदार फील्ड गोल करते हुए भारत को 4-1 की अजेय बढ़त दिला दी. चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स और गोलकीपर ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया.
हरमनप्रीत का 250वां मैच
इस क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हो सका और मुकाबला भारत की 4-1 की जीत के साथ खत्म हुआ. यह मैच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लिए बेहद खास रहा. इंटरनेशनल हॉकी में उनके 250वें मुकाबले पर टीम ने जीत दर्ज की और उन्हें शानदार तोहफा दिया.
टूर्नामेंट में अब तक अजेय भारत
भारत की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है. ग्रुप-स्टेज में उसने चीन (4-3), जापान (3-2) और कजाकिस्तान (15-0) को हराकर पूल-ए में पहला स्थान हासिल किया. सुपर-चार में भारत का पहला मैच साउथ कोरिया से 2-2 की बराबरी पर छूटा था. अब मलेशिया को हराने के बाद भारत फाइनल के बेहद करीब पहुंच गया है. टीम 6 सितंबर को अपने आखिरी सुपर-चार मैच में चीन से भिड़ेगी.
एशिया कप में भारत का सफर
भारत अब तक तीन बार (2003, 2007 और 2017) एशिया कप हॉकी का खिताब जीत चुका है. पाकिस्तान ने भी तीन बार और साउथ कोरिया ने रिकॉर्ड पांच बार यह ट्रॉफी जीती है. इस बार के विजेता को अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप का टिकट मिलेगा. कुल मिलाकर, भारत का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है और टीम के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी मजबूत हो गई हैं.