How to start Datacenter or Domain and hosting business ?
Top Digital Marketing Companies
Top Flutter App Development Companies
How to earn money Online ?
How to start Ecommerce business ?
इंसानी खोपड़ियों से बने बर्तन, मानव त्वचा की कुर्सियां; अमेरिका का सबसे खौफनाक सीरियल किलर
BBDS App Download
× Bindass Bol Home About News Contact Search

कप्तानी से BCCI तक…अब कोचिंग की बारी; प्रिटोरिया कैपिटल्स को गांगुल सिखाएंगे 'क्रिकेट की दादागीरी'

पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (फाइल फोटो)

पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (फाइल फोटो)

Indian Cricket News: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) अब एक नए अवतार में नजर आएंगे. बीसीसीआई (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष को साउथ अफ्रीका की फ्रेंचाइज़ी प्रिटोरिया कैपिटल्स (Pretoria Capitals) का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है. यह पहली बार होगा जब गांगुली किसी फ्रेंचाइज़ी टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे.

बाएं के विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार कप्तानी से भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले सौरव गांगुली को क्रिकेट से सन्यास लिए एक दशक से भी ज्यादा हो गया. लेकिन अब भी वह करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों पर राज करते हैं. वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रहे सौरव गांगुली को बड़ा मौका मिला है. 

 

View this post on Instagram

A post shared by Pretoria Capitals (@pretoriacapitals)

दरअसल, सौरव गांगुली को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने अपने नए हेड कोच के तौर पर नियुक्त किया है. फ्रेंचाइज़ी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर इसकी पुष्टि की. कैपिटल्स ने पोस्ट में लिखा, "द प्रिंस इज़ ऑल सेट टू ब्रिंग अ रॉयल फ्लेयर टू द कैपिटल्स कैंप. हमें बेहद खुशी है कि सौरव गांगुली हमारे नए हेड कोच होंगे. सेंचुरियन आपका इंतजार कर रहा है."

पहली बार किसी फ्रेंचाइज़ी के हेड कोच बने गांगुली
यह पहला मौका है जब सौरव गांगुली को किसी फ्रेंचाइज़ी टीम का हेड कोच बनाया गया है. 2018 से 2019 तक गांगुली दिल्ली कैपिटल्स में टीम डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके हैं. हालांकि, बीसीसीआई अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था.

पिछले साल गांगुली को JSW का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनाया गया था. JSW के पास दिल्ली कैपिटल्स समेत कई फ्रेंचाइज़ी हैं, जिससे गांगुली का रास्ता कोचिंग की ओर और आसान हो गया. अब गांगुली 9 सितंबर 2025 को होने वाली SA20 नीलामी में प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम का नेतृत्व करेंगे.

जोनाथन ट्रॉट की विदाई के बाद मिली जिम्मेदारी
गांगुली को यह जिम्मेदारी इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज़ जोनाथन ट्रॉट की विदाई के बाद सौंपी गई है. ट्रॉट को 2025 सीज़न से पहले हेड कोच नियुक्त किया गया था, लेकिन टीम 10 में से सिर्फ दो मैच जीत पाई और नॉकआउट में भी जगह नहीं बना सकी. इसके बाद ट्रॉट ने पद छोड़ दिया. 

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जोनाथन ट्रॉट, आपके नेतृत्व और समर्पण के लिए हमेशा आभारी रहेंगे. आपकी अगली यात्रा के लिए शुभकामनाएं. वन्स अ कैपिटल, ऑलवेज अ कैपिटल." इस समय जोनाथन ट्रॉट अफगानिस्तान टीम के हेड कोच हैं और 2026 टी20 वर्ल्ड कप (भारत और श्रीलंका) में टीम की कमान संभालेंगे.

बदली गई SA20 की तारीखें
SA20 के 2026 सीजन की तारीखों में बदलाव किया गया है ताकि टी20 वर्ल्ड कप से टकराव न हो. अब यह टूर्नामेंट 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक खेला जाएगा. सौरव गांगुली को प्रिटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच बनाए जाने पर भारतीय क्रिकेट फैंस काफी उत्सुक है. सोशल मीडिया पर फैंस गांगुली को नई भूमिका में देखने और हेड कोच बनाए जाने की मुबारकबाद दे रहे हैं. 

क्या भारतीय टीम को कोच करेंगे गांगुली?
इससे पहले गांगुली ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में टीम इंडिया के कोच बनने को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, "मैंने कभी इस बारे में सोचा नहीं था, क्योंकि मेरी भूमिकाएं बदलती रहीं. 2013 में क्रिकेट छोड़ने के बाद मैं बीसीसीआई अध्यक्ष बना, लेकिन भविष्य में मौका मिलेगा तो जरूर सोचूंगा. अभी मैं सिर्फ 53 साल का हूं, देखते हैं आगे क्या होता है."

गांगुली का करियर और योगदान
प्रिंस ऑफ कोलकाता और दादा जैसे उपनामों से मशहूर सौरव गांगुली का शुमार भारत के सबसे सफल कप्तानों में होता है. उन्होंने 113 टेस्ट और 311 वनडे मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया और कुल 18,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाए. उनकी कप्तानी में भारत 2003 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी.

क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद सौरव गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष बने. साल 2019 में उन्हें बीसीसीआई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जहां उनका कार्यकाल 2022 तक चला. इसके बाद रोजर बिन्नी ने उन्हें रिप्लेस किया.

ये भी पढ़ें: भारी बारिश से थमी हिमाचल की सांसें!...482 सड़कें गायब, 941 ट्रांसफॉर्मर जले, 95 जल योजनाएं सूखी


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

25 Aug 2025  ·  Published: 02:02 IST

हरमनप्रीत का धमाका; क्रांति का कहर, भारत ने इंग्लैंड को 13 रन से हराकर जीती सीरीज

Harmanpreet Kaur century vs England

India vs England Women ODI 2025

India vs England Women ODI Series: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है. मंगलवार (23 जुलाई) की कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को तीसरे और निर्णायक वनडे में 13 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली. इससे पहले भारतीय टीम ने टी20 सीरीज भी 3-2 से अपने नाम की थी. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड दौरे का शानदार और ऐतिहासिक जीत के साथ समापन किया.

पहले बल्लेबाजी कर भारत ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
तीसरे वनडे में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की. प्रतिका ने 26 रन और मंधाना ने 45 रन बनाए. इसके बाद हरलीन देओल भी 45 रन बनाकर आउट हुईं. 

हालांकि, असली कमाल कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया, जिन्होंने सिर्फ 84 गेंदों में 14 चौकों की मदद से शानदार 102 रन ठोके. हरमनप्रीत का यह सातवां शतक है. वह अब तक इंग्लैंड के खिलाफ तीन शतक लगा चुकी हैं. जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 50 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 318 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से पांच गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला.

इंग्लैंड की पारी में क्रांति का तूफान
भारत के जरिये दिए गए 319 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही. क्रांति गौड़ ने एमी जोन्स और टैमी बीमाउंट को सस्ते में आउट कर भारत को उम्मी के मुताबिक शानदार शुरुआत दिलाई. इसके बाद एम्मा लैंब और कप्तान नैट सिवर ब्रंट ने 162 रनों की बड़ी साझेदारी की. लैंब ने 68 और ब्रंट 98 रन बनाकर आउट हुईं. 

मैच में बने रहने के लिए इंग्लैंड की खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया,  लेकिन पूरी टीम 49.5 ओवर में 305 रन पर सिमट गई. भारत की ओर से क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके. श्री चरणी ने 2 और दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट लिया. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड में वनडे और टी20 दोनों सीरीज जीतकर अपने दमदार प्रदर्शन की मुहर लगा दी


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Rajeev

23 Jul 2025  ·  Published: 07:56 IST

भारत-पाकिस्तान T20 पर स्टूडेंट्स की याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट का आदेश

File

फाइल फोटो

India vs Pakistan T20 Match: भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को दुबई में होने वाले एशिया कप टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर दाखिल एक याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने साफ कहा कि वह इस मैच पर रोक नहीं लगाएगा और मैच होने देगा. यह याचिका चार एलएलबी छात्राओं की ओर से दाखिल की गई थी, जिन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का हवाला देते हुए पाकिस्तान के साथ खेल को राष्ट्रीय भावनाओं के खिलाफ बताया था.

गुरुवार, 11 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट में इस याचिका पर अर्जेंट हियरिंग का अनुरोध किया गया था. याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील ने जस्टिस जेके महेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच से कहा कि रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच होना है, इसलिए इस मामले को शुक्रवार को सूचीबद्ध किया जाए. लेकिन कोर्ट ने मैच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और कहा, “मैच होने दीजिए, हम रोक नहीं लगाएंगे.”

याचिकाकर्ताओं की दलील
इस याचिका का नेतृत्व उर्वशी जैन नाम की एक लॉ स्टूडेंट कर रही थीं. चारों छात्राओं ने याचिका में कहा कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर जैसी घटनाओं में भारत के सैनिकों और नागरिकों ने जान गंवाई है. ऐसे हालात में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना राष्ट्रीय गरिमा और जनभावना के खिलाफ है.

याचिका में कहा गया कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच सामान्य हालात में दोनों देशों के बीच सद्भाव और मित्रता का संदेश देता है. लेकिन हाल की आतंकी घटनाओं के बाद जब हमारे लोग मारे गए और हमारे सैनिक अपनी जान जोखिम में डालकर ऑपरेशन चला रहे हैं, तब पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना विपरीत संदेश देगा.

छात्राओं का कहना था कि यह स्थिति उन शहीदों और पीड़ित परिवारों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है, जिन्होंने पाकिस्तानी आतंकियों के हाथों अपने परिजनों को खोया है. उन्होंने याचिका में लिखा कि राष्ट्र की गरिमा और नागरिकों की सुरक्षा किसी भी मनोरंजन से ऊपर होनी चाहिए.

कोर्ट की टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने याचिकाकर्ताओं की दलीलें सुनने के बाद कहा कि वह इस मामले में दखल नहीं देगी. कोर्ट ने साफ कर दिया कि भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच पर रोक नहीं लगेगी. वकील द्वारा दोबारा अर्जेंट सुनवाई के लिए अनुरोध करने पर भी कोर्ट ने इनकार कर दिया. कोर्ट के इस रुख से साफ हो गया है कि 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होगा. यह मुकाबला 2025 एशिया कप का हिस्सा है.


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Taushif

11 Sep 2025  ·  Published: 13:13 IST

T20 की हार के बाद भारत ए महिला टीम का शानदार कमबैक, ऑस्ट्रेलिया ए को 3 विकेट से चटाई धूल

यास्तिका भाटिया ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को किया धराशाई

यास्तिका भाटिया ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को किया धराशाई

India A Women Vs Australia A Women Cricket Match: टी20 सीरीज में 3-0 की करारी हार के बाद भारत ए महिला टीम ने जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम को पहले वनडे में 3 विकेट से शिकस्त दी. ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 215 रन का लक्ष्य 42 ओवर में हासिल कर लिया.या स्तिका भाटिया की शानदार पारी और निचले क्रम के बल्लेबाजों के दमदार योगदान ने टीम को जीत दिलाई.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम 47.5 ओवर में 214 रन पर सिमट गई. टीम के लिए अनिका लिरॉयड ने नाबाद 92 रन की बेहतरीन पारी खेली और पारी को संभालने का काम किया. राचेल ट्रेनामन ने भी 51 रन बनाए. हालांकि भारत ए की गेंदबाजी ने लगातार दबाव बनाए रखा. राधा यादव ने 3/45 और मिन्नू मणि ने 2/38 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की.

टीम इंडिया के लिए टीटस साधु और शबनम शकील ने शुरुआती झटके दिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 पर तीन विकेट हो गया. इसके बाद लिरॉयड ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 200 के पार पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए की शुरुआत जोरदार रही. यास्तिका भाटिया और शैफाली वर्मा (36) के बीच 77 रन की साझेदारी हुई. यास्तिका ने 59 रन बनाए. 

हालांकि, मध्यक्रम में अचानक गिरावट आई और टीम का स्कोर 140/2 से 166/5 हो गया, लेकिन राघवी बिष्ट (नाबाद 25) ने कप्तान राधा यादव (19) के साथ मिलकर पारी को संभाला. पारी में अतिरिक्त रनों (32) का भी अहम योगदान रहा, जिसकी बदौलत भारत ने आठ ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. 

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एला हेवर्ड ने 2/46 के आंकड़े के साथ सबसे ज्यादा विकेट लिए, लेकिन साझेदारियों की कमी ने टीम को महंगा पड़ा. अब भारत ए महिला टीम 15 अगस्त को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

स्कोर कार्ड
ऑस्ट्रेलिया ए महिला: 214 रन, 47.5 ओवर (अनिका लिरॉयड 92 नाबाद, राचेल ट्रेनामन 51; राधा यादव 3/45, मिन्नू मणि 2/38)
भारत ए महिला: 215/7, 42 ओवर (यास्तिका भाटिया 59, शैफाली वर्मा 36; एला हेवर्ड 2/46)
रिजल्ट: भारत ए ने 3 विकेट से जीत दर्ज की.


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

13 Aug 2025  ·  Published: 19:38 IST