फाइल फोटो
International Emmy Awards 2025: न्यूयॉर्क में मंगलवार को 53वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन हुआ. दुनिया के कई देशों के बेहतरीन टीवी शो, कलाकार और डॉक्यूमेंट्री इस समारोह का हिस्सा बने. इस बार भारत के लिए उम्मीदें काफी बड़ी थीं, क्योंकि दिलजीत दोसांझ की जीवनी आधारित फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' दो कैटेगरी में नॉमिनेट हुई थी. बेस्ट एक्टर और बेस्ट टीवी मिनी सीरीज/मूवी. लेकिन उम्मीदों के विपरीत, इस फिल्म को एक भी अवॉर्ड नहीं मिला.
दिलजीत दोसांझ बेस्ट एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेट थे, लेकिन यह अवॉर्ड स्पेनिश अभिनेता ओरिओल प्ला को उनकी फिल्म "I, Addict" के लिए मिला. बेस्ट टीवी मूवी/मिनी-सीरीज कैटेगरी में भी तेज़ मुकाबला था, लेकिन अंत में यह पुरस्कार "Lost Boys and Fairies" ने अपने नाम किया. भारतीय दर्शक और फैंस इस नतीजे से निराश दिखाई दिए. 'चमकीला' ने भारत में ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल स्तर पर भी काफी प्रशंसा हासिल की थी, इसलिए कई लोगों को उम्मीद थी कि फिल्म कम से कम एक अवॉर्ड जरूर जीतेगी.
क्या बोले निर्देशक इम्तियाज अली?
फेस्टिवल के दौरान हुए एक पैनल डिस्कशन में फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली ने कहा, “मेरे लिए यह फिल्म एक कलाकार और उसकी कला के बीच के रिश्ते की कहानी थी. कभी एक कलाकार सिर्फ पैसे या शोहरत के लिए नहीं, बल्कि कला के प्यार में काम करता है. चमकीला के कैरेक्टर में वह जुनून था.”
फिल्म के बारे में
फिल्म अमर सिंह चमकीला पंजाबी लोक गायक अमर सिंह चमकीला की असली कहानी पर आधारित है, जिन्हें पंजाब का "एल्विस प्रेस्ली" कहा जाता था. फिल्म में दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं. यह फिल्म पिछले साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी और खूब सराही गई. चमकीला के गाने एक समय बेहद लोकप्रिय थे, लेकिन उन पर विवाद भी हुआ. 8 मार्च 1988 को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हालांकि अवॉर्ड्स में भारत को निराशा हाथ लगी, लेकिन 'अमर सिंह चमकीला' और दिलजीत दोसांझ का इंटरनेशनल स्तर पर नॉमिनेशन होना खुद एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
फाइल फोटो
मुंबई: अभिनेता विजय वर्मा की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज से ठीक पहले विजय वर्मा ने अपनी अब तक की सबसे प्यारी और खास ऑनस्क्रीन जोड़ी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उनकी सबसे बेहतरीन केमिस्ट्री दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ बनी है.
गुरुवार को विजय वर्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की शूटिंग के दौरान की कुछ खास तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में विजय वर्मा और नसीरुद्दीन शाह के बीच जबरदस्त बॉन्डिंग देखने को मिल रही है. कुछ तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ में विजय वर्मा द्वारा बनाया गया नसीरुद्दीन शाह का स्केच भी दिख रहा है.
तस्वीरें शेयर करते हुए विजय वर्मा ने लिखा, “जब आप अपने आदर्श को ही मॉडल बना लेते हैं. मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे नसीरुद्दीन शाह साहब के साथ काम करने का मौका मिला. उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा. यह मेरी अब तक की सबसे प्यारी ऑनस्क्रीन जोड़ी है. मैंने उनके ब्रेक टाइम में उनका स्केच भी बनाया, जो आप स्लाइड-3 में देख सकते हैं.”
विजय वर्मा ने यह भी बताया कि उनके बनाए इस स्केच पर नसीरुद्दीन शाह ने उर्दू में साइन भी किया है, जिसे उन्होंने अपने लिए एक यादगार तोहफा बताया. इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए लिखा, “‘गुस्ताख इश्क’ इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है, आप सभी से अनुरोध है कि फिल्म जरूर देखें.”
विजय वर्मा की इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के कमेंट्स और लाइक्स की बाढ़ आ गई. टीवी अभिनेता शरद मल्होत्रा ने हार्ट इमोजी के साथ कमेंट किया, वहीं एक यूजर ने लिखा, “आपकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.”
फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ की बात करें तो इसका निर्देशन विभु पुरी ने किया है. इस फिल्म में विजय वर्मा के साथ अभिनेत्री फातिमा सना शेख रोमांस करती नजर आएंगी. वहीं, नसीरुद्दीन शाह फिल्म में उनकी प्रेम कहानी को नया आयाम देते नजर आएंगे. खास बात यह भी है कि इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के जरिए मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा प्रोडक्शन की दुनिया में डेब्यू करने जा रहे हैं. ऐसे में ‘गुस्ताख इश्क’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
फाइल फोटो
Saif Ali Khan: सैफ अली खान आज बॉलीवुड के जाने-माने स्टार एक्टर हैं. उनकी फिल्में देखने के लिए फैंस हमेशा उत्साहित रहते हैं, और उन्हें क्रिटिक्स भी पसंद करते हैं. हालांकि, सैफ का करियर शुरू से ही आसान नहीं रहा. उन्होंने बॉलीवुड में अपने 30 साल के सफर में कई मुश्किलों का सामना किया.
सैफ का जन्म एक बड़े और प्रसिद्ध परिवार में हुआ. उनके पिता मंसूर अली खान पटौदी एक पूर्व क्रिकेटर थे, और उनकी मां शर्मिला टैगोर अपने समय की मशहूर एक्ट्रेस थीं. इसलिए कई लोग सोचते थे कि सैफ के लिए फिल्म इंडस्ट्री में रास्ता आसान होगा. लेकिन सैफ का कहना है कि ऐसा बिल्कुल नहीं था.
शुरुआती दिनों में उन्हें लीड रोल वाली फिल्में नहीं मिलीं. उन्होंने सेकेंड और थर्ड लीड रोल निभाए. कुछ फिल्में अच्छी भी रही, लेकिन कई बार उनकी फिल्में फ्लॉप हो गईं. सैफ ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि एक समय उन्हें कुछ फीमेल प्रोड्यूसर हफ्ते के सिर्फ 1000 रुपये देती थीं. लेकिन इसके बदले में उनसे उनके गाल पर 10 बार किस करने की डिमांड भी की जाती थी.
सैफ का कहना है कि 90 का दशक उनके लिए सीखने का समय था. लोग कहते थे कि उन्हें इंडस्ट्री में जल्दी मौके मिले, लेकिन असलियत यह थी कि उन्हें हमेशा सबसे अच्छी फिल्में या मेन लीड रोल नहीं मिलते थे. उन्होंने इस समय में बहुत मेहनत की और अनुभव हासिल किया.
सैफ का करियर साल 2001 में आई फिल्म दिल चाहता है से बदल गया. इसके बाद उनकी फिल्में लगातार चर्चा में रहीं. उन्हें साल 2004 में आई फिल्म हम तुम के लिए अपना पहला और एकलौता नेशनल अवॉर्ड मिला. इसके बाद 2006 में आई फिल्म ओमकारा ने उन्हें क्रिटिक्स के बीच अलग पहचान दिलाई.
सैफ आज भी एक्टिंग में नए प्रयोग कर रहे हैं. उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में अक्षय कुमार के साथ फिल्म हैवान और रेस 4 शामिल हैं. सैफ ने अपने करियर में यह साबित कर दिया है कि परिवार की प्रतिष्ठा और मेहनत दोनों ही जरूरी हैं. उनके संघर्ष और सफलता की कहानी नए एक्टर्स के लिए प्रेरणा का स्रोत है. सैफ अली खान ने यह दिखाया है कि चाहे शुरुआती समय कितना भी मुश्किल क्यों न हो, मेहनत, धैर्य और सही मौके मिलने पर सफलता निश्चित है.
श्वेता मेनन को मिला रहमान का साथ
Actor Rahman on Shweta Menon Controversy: मलयालम और तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता रहमान ने अभिनेत्री श्वेता मेनन के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है. एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स (AMMA) अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले श्वेता पर लगे आरोपों को रहमान ने साजिश करार देते हुए विरोधियों को करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि श्वेता पर लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को पढ़कर वह हैरान और गुस्से में हैं.
दरअसल, श्वेता मेनन एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं. इस बीच उनके खिलाफ बी-ग्रेड फिल्मों में काम करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है. केरल के एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने उनके खिलाफ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट 2000 की धारा 67 ए के तहत एफआईआर दर्ज की है. इस मामले ने केरल फिल्म इंडस्ट्री को दो गुटों में बांट दिया है.
रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखते हुए श्वेता का बचाव किया. उन्होंने कहा, "श्वेता, जब मैंने तुम्हारे खिलाफ लगे झूठे आरोपों के बारे में पढ़ा, तो मुझे गहरा सदमा लगा और गुस्सा भी आया. मैं तुम्हें करीब तीन दशक से जानता हूं और तुम हमेशा हमारी इंडस्ट्री की सबसे ईमानदार और दयालु लोगों में से रही हो."
उन्होंने याद किया कि भले ही उन्होंने श्वेता के साथ सिर्फ एक फिल्म में काम किया हो, लेकिन कई शो में साथ बिताया समय उनकी दोस्ती और उनके स्वभाव को समझने के लिए काफी था. रहमान ने बताया कि श्वेता हमेशा अपने साथी कलाकारों, क्रू मेंबर्स, आयोजकों और फैंस का ख्याल रखती थीं. यहां तक कि बीमार क्रू मेंबर्स के लिए चुपचाप दवाइयां खरीद लाती थीं, बिना किसी प्रशंसा की उम्मीद के.
मौजूदा विवाद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रहमान ने लिखा, "जो कुछ भी हो रहा है, वो पूरी तरह से बकवास है. मुझे साफ दिख रहा है कि यह सब तुम्हारी छवि खराब करने और तुम्हें एएमएमए अध्यक्ष बनने से रोकने की चाल है. ऐसे गंदे खेल राजनीति में आम हैं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री में ऐसा देखना बेहद निराशाजनक है."
अभिनेता ने श्वेता को हिम्मत न हारने की सलाह दी और कहा, "तुम इस मुश्किल से कहीं ज्यादा मजबूत हो. जो लोग तुम्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें एक दिन अपने कर्मों का फल जरूर मिलेगा. मुझे पूरा विश्वास है कि तुम एएमएमए की बेहतरीन अध्यक्ष बनोगी और मैं तुम्हारे साथ पूरी तरह खड़ा हूं."
इसे भी पढ़ें: Raksha Bandhan Special: बॉलीवुड के ये भाई-बहन जो लाइमलाइट से रहते हैं दूर, लेकिन रिश्ता है बेहद खास