फाइल फोटो
Bigg Boss 19: टीवी की दुनिया में दर्शकों को एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज देने के लिए कई नए रियलिटी शोज लाइन में हैं. जहां एक तरफ सास-बहू ड्रामे का क्रेज बरकरार है, वहीं रियलिटी शोज अब इस ट्रेंड को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं. भारतीय टीवी के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस का 19वां सीजन इस बार 24 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. फैंस लंबे समय से इस सीजन का इंतजार कर रहे थे. हालांकि, प्रोडक्शन हाउस और मेकर्स के बीच कुछ समय तक असहमति के चलते लॉन्च डेट पर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन अब सब ठीक हो गया है. सलमान खान इस बार भी होस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे और दर्शकों को नए कंटेस्टेंट्स से मिलवाएंगे.
सुपरस्टार सिंगर 3 में नेहा कक्कड़ की वापसी
सिंगिंग रियलिटी शो सुपरस्टार सिंगर 3 में इस बार नेहा कक्कड़ धमाकेदार वापसी कर रही हैं. शो का प्रोमो जल्द ही रिलीज होने वाला है. इस शो में देशभर से आए छोटे-छोटे सिंगिंग टैलेंट अपने हुनर से जजों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे.
टीवी पर चल रहे पॉपुलर शोज
1. नए शोज के साथ-साथ कई पॉपुलर रियलिटी शो पहले से ही दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. इनमें कौन बनेगा करोड़पति 17, पति पत्नी और पंगा, छोरियां चली गांव और सुपर डांसर चैप्टर 5 शामिल हैं.
2. पति पत्नी और पंगा ने हाल ही में लाफ्टर शेफ सीजन 2 की जगह ली है और आते ही छा गया है. शो में सेलेब्रिटी जोड़ियों की रियल लाइफ केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
3. छोरियां चली गांव गांव की थीम पर आधारित है, जिसमें शहरी लड़कियों को गांव के माहौल में ढलते हुए दिखाया गया है. शो का कॉन्सेप्ट नया है और दर्शक इसे काफी एंजॉय कर रहे हैं.
4. सुपर डांसर चैप्टर 5 भी अपने शानदार डांस परफॉर्मेंस और टैलेंटेड कंटेस्टेंट्स की वजह से चर्चा में है.
टीआरपी में मुकाबला होगा कड़ा
सास-बहू सीरियल्स जैसे क्योंकि सास भी कभी बहू थी, अनुपमा और तारक मेहता का उल्टा चश्मा अभी भी दर्शकों के दिलों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं. खासकर क्योंकि सास भी कभी बहू थी ने बीते हफ्ते टीआरपी में धमाकेदार रेटिंग हासिल की लेकिन अब बिग बॉस, केबीसी और अन्य रियलिटी शोज के आने से टीआरपी की लड़ाई और दिलचस्प हो जाएगी.
आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बिग बॉस और बाकी रियलिटी शोज सास-बहू ड्रामों को पछाड़कर टीआरपी चार्ट में नंबर वन बन पाते हैं या नहीं. इतना तय है कि दर्शकों के लिए आने वाला समय टीवी पर एंटरटेनमेंट से भरपूर होने वाला है.
फाइल फोटो
Bigg Boss 19 Latest Episode: रियलिटी शो बिग बॉस 19 इस समय हाई वोल्टेज ड्रामे से भर गया है. सीक्रेट रूम में रहने के बाद जब से नेहल ने घर में एंट्री की है, तभी से उन्होंने खेल का पूरा माहौल बदल दिया है. उनकी एंट्री के बाद से घर के अंदर लगातार हलचल मची हुई है. खासकर तान्या मित्तल के साथ उनकी लड़ाई सुर्खियों में बनी हुई है.
तान्या-नेहल की भिड़ंत
शो के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली. नेहल ने तान्या के स्ट्रगल्स पर सवाल उठाए, जिस पर तान्या का गुस्सा फूट पड़ा. तान्या चिल्लाकर बोलीं, “इसको क्या पता कि मैंने कितना स्ट्रगल किया है?” इस पर नेहल ने पलटवार किया, “जिसे तुम स्ट्रगल कहती हो, उसमें तो हम पैदा हुए हैं.” बात यहीं खत्म नहीं हुई. तान्या ने ताना मारते हुए कहा कि “तेरे जैसे लेवल पर मैं नहीं गिरती, इसी बात पर जल.” जवाब में नेहल भी पीछे नहीं हटीं और उन्होंने तान्या पर विक्टिम कार्ड खेलने का आरोप लगा दिया.
घरवालों का टूटा सब्र
इस कैटफाइट से बाकी घरवाले भी परेशान हो गए. अमाल मलिक ने दोनों को डांटते हुए कहा कि ये लड़ाई किसी तीसरी कक्षा के बच्चों जैसी लग रही है. उन्होंने गुस्से में दोनों से चुप रहने को कहा. वहीं, बसीर अली सिर पकड़कर बैठे दिखे तो अभिषेक भी हैरान रह गए. शो के दर्शकों के बीच भी इस लड़ाई को लेकर दो धड़े बन गए हैं. कुछ लोग नेहल को सही ठहरा रहे हैं तो कुछ तान्या का पक्ष ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी #TeamNehal और #TeamTanya ट्रेंड करता नजर आ रहा है.
फाइल फोटो
Rise and Fall Show: अशनीर ग्रोवर का रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ लॉन्च होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. शो को शुरू हुए अभी मुश्किल से दो हफ्ते ही हुए हैं, लेकिन इसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. खासतौर पर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने अपने देसी और मजाकिया अंदाज़ से इस शो में अलग ही रंग भर दिया था. उनके चुटकुले और बिंदास अंदाज ने न सिर्फ कंटेस्टेंट्स बल्कि फैन्स को भी खूब एंटरटेन किया.
हालांकि, पवन सिंह के चाहने वालों के लिए यह खबर झटका साबित हुई कि उन्होंने अचानक शो को अलविदा कह दिया. खबरों के मुताबिक, निजी और राजनीतिक कारणों से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा. महज 14 दिनों में पवन सिंह ने ‘राइज एंड फॉल’ के मंच पर धमाल मचा दिया था. फैन्स और प्रतियोगियों ने उन्हें भरपूर प्यार दिया, लेकिन उनका जाना शो की लोकप्रियता पर असर डाल सकता है.
अब चर्चा यह है कि मेकर्स शो में एक और बड़े भोजपुरी स्टार को लाने की योजना बना रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन सिंह की जगह खेसारी लाल यादव को लाने की प्लानिंग चल रही है. हालांकि, इस बारे में अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. अगर खेसारी लाल वाकई शो में आते हैं, तो यह ‘राइज एंड फॉल’ के लिए एक नया ट्विस्ट साबित हो सकता है.
खेसारी लाल यादव भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े नाम हैं और उनकी भी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. उन्होंने पहले भी सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ में हिस्सा लिया था, हालांकि वहां वे ज्यादा असर नहीं छोड़ पाए थे. इसके बावजूद, उनकी पॉपुलैरिटी बनी हुई है. पिछले कुछ वर्षों में वे कई विवादों में भी रहे हैं, इसलिए अगर ‘राइज एंड फॉल’ में उनकी एंट्री होती है, तो यह शो के लिए फायदे का सौदा हो सकता है.
पवन सिंह ने जिस तरह अपने मजाकिया और देसी स्वभाव से दर्शकों के दिल जीते, वही चुनौती खेसारी लाल यादव के सामने भी होगी. फैन्स स्वाभाविक तौर पर उनकी तुलना पवन सिंह से करेंगे. ऐसे में देखना होगा कि खेसारी लाल यादव शो में आकर वही मनोरंजन और ऊर्जा ला पाते हैं या नहीं. मेकर्स के लिए भी यह एक बड़ा दांव होगा.
पवन सिंह के जाने के बाद शो की लोकप्रियता बनाए रखना जरूरी है. खेसारी लाल की एंट्री शो को दोबारा उसी स्तर पर ले जा सकती है. दोनों ही स्टार्स भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज चेहरे हैं और उनकी ऑडियंस भी बहुत बड़ी है. फिलहाल दर्शकों को इंतजार है कि ‘राइज एंड फॉल’ में खेसारी लाल यादव कब और किस अंदाज में एंट्री करेंगे. अगर वे आते हैं, तो शो को नया रंग और ताजगी मिल सकती है.
फाइल फोटो
Pawan Singh Controversies: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और पावर स्टार कहे जाने वाले पवन सिंह का नाम जितना फिल्मों और गानों से जुड़ा है, उतना ही उनकी पर्सनल लाइफ और विवादों से भी रहा है. अक्सर उनके इर्द-गिर्द कंट्रोवर्सी घूमती नजर आती है. ऐसे में जब पवन सिंह किसी शो या इवेंट में नज़र आते हैं, तो उनके निजी जीवन से जुड़े सवाल भी चर्चा में आ जाते हैं. इस बार पवन सिंह अपने फैंस को चौंकाने जा रहे हैं. उन्होंने हाल ही में अशनीर ग्रोवर के शो ‘राइज एंड फॉल’ में हिस्सा लेने की घोषणा की है. शो का प्रोमो रिलीज होते ही फैन्स के बीच हलचल मच गई है. अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि पवन सिंह शो में किस अंदाज में नज़र आएंगे और क्या वे अपनी लाइफ से जुड़े विवादों पर खुलकर बात करेंगे.
पहली पत्नी की रहस्यमयी मौत
पवन सिंह की पहली शादी 1 दिसंबर 2014 को उनके भाई की साली नीलम सिंह से हुई थी लेकिन शादी के महज तीन महीने बाद ही, 8 मार्च 2015 को नीलम ने आत्महत्या कर ली. उनकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हुए, हालांकि असली वजह आज तक सामने नहीं आई. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस घटना में पवन सिंह का नाम भी सामने आया था.
अक्षरा सिंह से रिश्ते और विवाद
नीलम की मौत के बाद पवन सिंह का नाम भोजपुरी इंडस्ट्री की नामचीन एक्ट्रेस अक्षरा सिंह से जुड़ा. दोनों की जोड़ी पर्दे पर ही नहीं बल्कि रियल लाइफ में भी चर्चाओं में रही. अक्षरा सिंह ने कई बार दावा किया कि पवन सिंह ने उन्हें शादी के सपने दिखाए, लेकिन बाद में उन्होंने धोखा देकर ज्योति सिंह से शादी कर ली. अक्षरा सिंह और पवन सिंह के बीच विवाद कई बार मीडिया की सुर्खियों में छाया रहा.
दूसरी शादी और टूटते रिश्ते
2018 में पवन सिंह ने बलिया की रहने वाली ज्योति सिंह से दूसरी शादी की. शुरुआत में दोनों का रिश्ता स्थिर नजर आया, लेकिन समय के साथ इनकी शादी में खटास आने लगी. बात तलाक तक पहुंची, हालांकि बाद में दोनों चुनावी मंच पर साथ दिखाई दिए और फैंस को लगा कि कपल के बीच सबकुछ ठीक हो गया है. लेकिन कुछ महीने पहले ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि पवन उनसे दूरी बना रहे हैं और अगर उन्होंने बातचीत नहीं की, तो वे आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगी. इस पोस्ट ने एक बार फिर पवन सिंह की पर्सनल लाइफ को विवादों के घेरे में ला दिया.
अंजलि राघव के साथ विवाद
पवन सिंह का नाम हर बार किसी न किसी नई कंट्रोवर्सी से जुड़ता रहा है. लखनऊ में हुए एक इवेंट में उनका वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे अंजलि राघव के साथ नजर आए. विवाद बढ़ने पर पवन सिंह ने माफी मांगी, लेकिन अंजलि का आरोप था कि उनकी पीआर टीम सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करवा रही है.
अब रियलिटी शो में करेंगे एंट्री
अब जबकि पवन सिंह ‘राइज एंड फॉल’ जैसे रियलिटी शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं, फैंस को उम्मीद है कि वे शो में अपनी जिंदगी और विवादों से जुड़ी सच्चाई पर भी रोशनी डालेंगे. शो 6 सितंबर से MX Player पर स्ट्रीम होगा. देखना दिलचस्प होगा कि भोजपुरी स्टार पवन सिंह इस शो में क्या नया रंग भरते हैं और अपनी लाइफ की मुश्किलों पर किस तरह से खुलकर बात करते हैं.