फाइल फोटो
Asrani Death News: दिवाली के दिन यानी 20 अक्टूबर को हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता गोवर्धन असरानी का निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे. शोले फिल्म में उनके यादगार “जेलर” के किरदार ने उन्हें अमर बना दिया था. असरानी ने अपने करियर में मेरे अपने, बावर्ची, अभिमान, चुपके चुपके, छोटी सी बात, भूल भुलैया, बंटी और बबली 2, वेलकम, ऑल द बेस्ट जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया और दर्शकों को खूब हंसाया. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में गहरा दुख है. असरानी अपने पीछे पत्नी मंजू असरानी को अकेला छोड़ गए हैं.
कौन हैं मंजू असरानी?
मंजू असरानी भी एक समय बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस रही हैं. उन्होंने 70 और 80 के दशक में कई फिल्मों में काम किया. मंजू और असरानी की मुलाकात फिल्मों ‘आज की ताजा खबर’ और ‘नमक हराम’ के सेट पर हुई थी. दोनों में जल्दी ही गहरी दोस्ती और फिर प्यार हुआ, और यही रिश्ता शादी में बदल गया. मंजू ने पति असरानी की तरह फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाया और बाद में निर्देशन की ओर रुख किया. उन्होंने 1995 में फिल्म ‘मां की ममता’ का निर्देशन भी किया था.
मंजू का शांत और सादगी भरा जीवन
मंजू असरानी ने अपने करियर से ज्यादा महत्व अपने परिवार को दिया. उन्होंने शोबिज़ की चमक-दमक से दूरी बना ली थी और एक लो-प्रोफाइल जिंदगी जीती थीं. वह सार्वजनिक कार्यक्रमों या अवॉर्ड शो में शायद ही कभी नजर आईं. असरानी भी अपनी पत्नी की तरह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते थे. दोनों ने हमेशा अपने निजी जीवन को प्राथमिकता दी और एक-दूसरे का पूरा साथ निभाया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, असरानी और मंजू के कोई संतान नहीं है, हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक बेटे नवीन असरानी का जिक्र भी मिलता है, लेकिन इस बारे में दंपती की ओर से कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई.
फैंस ने नम आंखों से दी विदाई
गोवर्धन असरानी के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है. अक्षय कुमार ने भी सोशल मीडिया पर दुख जताया और बताया कि वह असरानी से एक हफ्ते पहले ही मिले थे. उन्होंने उन्हें “बेहद प्यारा इंसान” बताया. फैंस सोशल मीडिया पर “थांबा थांबा” और “राइट राइट राइट” जैसे असरानी के मशहूर डायलॉग याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
फाइल फोटो
Salman Khan Weekend Ka Vaar: बिग बॉस 19 का ये हफ्ता काफी ड्रामे और झगड़ों से भरा रहा और अब आ गया है वो वक्त जब सलमान खान घरवालों की हरकतों पर सख्त नजर आने वाले हैं. दिवाली स्पेशल वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान एक-एक कंटेस्टेंट से सवाल करते दिखेंगे. इस बार उनके निशाने पर खासतौर पर रहेंगे क्रिकेटर दीपक चाहर की बहन मालती चाहर, सिंगर अमाल मलिक और शहबाज.
मालती चाहर पर सलमान की फटकार
शो के नए प्रोमो में सलमान खान मालती चाहर को जमकर लताड़ते नजर आ रहे हैं. दरअसल, हाल ही में मालती और नेहल के बीच हुई लड़ाई में मालती ने नेहल के कपड़ों को लेकर भद्दा कमेंट किया था. उन्होंने कहा था – “मुझसे अगली बार कपड़े पहनकर बात करना.” इस बयान पर सलमान ने मालती से पूछा, “आपके कमेंट का क्या मतलब था?”
इस पर मालती ने सफाई देते हुए कहा, “यहां बहुत स्ट्रॉन्ग एसी है, तो मैं सोच रही थी कि इन लोगों को ठंड क्यों नहीं लगती.” मालती के इस जवाब पर बसीर बीच में बोल पड़े, “बकवास बात है ये.” सलमान ने बसीर को बीच में रोकते हुए कहा कि वे मालती को पूरा बोलने दें, क्योंकि वे खुद भी जानना चाहते हैं कि वो क्या कहना चाहती हैं.
शहबाज और अमाल की भी लगी क्लास
मालती के अलावा सलमान ने शहबाज को भी उनकी हरकतों के लिए फटकार लगाई. सलमान ने कहा, “हर वक्त मजाक-मजाक करते रहते हो. देखने वालों को तुम बहुत बदतमीज और इरिटेटिंग लगते हो.” वहीं अमाल मलिक को भी सलमान ने इस हफ्ते कड़ी चेतावनी दी. फरहाना के खाने की प्लेट छीनने और उनकी मां के बारे में गलत टिप्पणी करने पर सलमान ने कहा कि ये उनका आखिरी मौका है.
एपिसोड में एक इमोशनल मोमेंट तब आया जब अमाल के पिता डब्बू मलिक शो में पहुंचे. उन्होंने बेटे को समझाते हुए कहा कि उसे अपनी जुबान पर कंट्रोल रखना चाहिए और दूसरों की इज्जत करनी चाहिए. पिता की बातें सुनकर अमाल की आंखों से आंसू निकल पड़े.
दिवाली पर बड़ा धमाका
वीकेंड का वार एपिसोड इस बार बेहद धमाकेदार और इमोशनल होने वाला है. सलमान की सख्ती, झगड़ों की गर्मी और दिवाली की मस्ती – सब कुछ एक साथ देखने को मिलेगा. फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस बार कौन बनेगा सलमान के गुस्से का अगला शिकार और किसे मिलेगी उनकी तारीफ.
फाइल फोटो
मिस यूनिवर्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं मनिका विश्वकर्मा इस समय सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास भरे इंटरव्यू, शानदार जवाबों और भारतीय शिल्पकला को दर्शाने वाले आउटफिट्स ने लोगों का ध्यान खींचा है. इवेंट से उनकी कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वे पारंपरिक भारतीय पोशाक में बेहद खूबसूरत दिख रही हैं.
डिनर नाइट में छाया मनिका का रॉयल लुक
डिनर नाइट की तस्वीरों में मनिका बेहद एलीगेंट अंदाज़ में नजर आईं. उन्होंने भारतीय फैशन की खूबसूरती को दर्शाता एक पारंपरिक लहंगा-चोली सेट पहना था, जिसे डिज़ाइनर राजदीप राणावत ने तैयार किया था. इस आउटफिट में गहरे रंग का ब्रोकेड लहंगा और गोल्डन-चांदी की मिरर वर्क वाली चोली शामिल थी, जो पूरे लुक को शाही अंदाज़ दे रहा था.
लहंगे के साथ उन्होंने नेवी ब्लू कलर की एक खूबसूरत जैकेट भी पहनी, जिसमें नाज़ुक कढ़ाई और फ्लोरल मिरर वर्क किया गया था. काले और नेवी के गहरे शेड्स में तैयार यह पूरा सेट मंच पर बेहद चमक रहा था.
एक्सेसरीज ने बढ़ाई खूबसूरती
किसी भी देसी लुक की तरह मनिका ने अपने आउटफिट को एक्सेसरीज के साथ खूबसूरती से स्टाइल किया. उन्होंने गोल्डन टोन में मांग टीका, झुमके, चोकर नेकलेस और चूड़ियां पहनीं. ये सभी एक्सेसरीज उनके ब्लाउज पर किए गए मिरर वर्क से बिल्कुल मैच कर रही थीं, जिससे उनका लुक और भी निखर गया.
श्वेता मेनन को मिला रहमान का साथ
Actor Rahman on Shweta Menon Controversy: मलयालम और तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता रहमान ने अभिनेत्री श्वेता मेनन के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है. एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स (AMMA) अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले श्वेता पर लगे आरोपों को रहमान ने साजिश करार देते हुए विरोधियों को करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि श्वेता पर लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को पढ़कर वह हैरान और गुस्से में हैं.
दरअसल, श्वेता मेनन एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं. इस बीच उनके खिलाफ बी-ग्रेड फिल्मों में काम करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है. केरल के एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने उनके खिलाफ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट 2000 की धारा 67 ए के तहत एफआईआर दर्ज की है. इस मामले ने केरल फिल्म इंडस्ट्री को दो गुटों में बांट दिया है.
रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखते हुए श्वेता का बचाव किया. उन्होंने कहा, "श्वेता, जब मैंने तुम्हारे खिलाफ लगे झूठे आरोपों के बारे में पढ़ा, तो मुझे गहरा सदमा लगा और गुस्सा भी आया. मैं तुम्हें करीब तीन दशक से जानता हूं और तुम हमेशा हमारी इंडस्ट्री की सबसे ईमानदार और दयालु लोगों में से रही हो."
उन्होंने याद किया कि भले ही उन्होंने श्वेता के साथ सिर्फ एक फिल्म में काम किया हो, लेकिन कई शो में साथ बिताया समय उनकी दोस्ती और उनके स्वभाव को समझने के लिए काफी था. रहमान ने बताया कि श्वेता हमेशा अपने साथी कलाकारों, क्रू मेंबर्स, आयोजकों और फैंस का ख्याल रखती थीं. यहां तक कि बीमार क्रू मेंबर्स के लिए चुपचाप दवाइयां खरीद लाती थीं, बिना किसी प्रशंसा की उम्मीद के.
मौजूदा विवाद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रहमान ने लिखा, "जो कुछ भी हो रहा है, वो पूरी तरह से बकवास है. मुझे साफ दिख रहा है कि यह सब तुम्हारी छवि खराब करने और तुम्हें एएमएमए अध्यक्ष बनने से रोकने की चाल है. ऐसे गंदे खेल राजनीति में आम हैं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री में ऐसा देखना बेहद निराशाजनक है."
अभिनेता ने श्वेता को हिम्मत न हारने की सलाह दी और कहा, "तुम इस मुश्किल से कहीं ज्यादा मजबूत हो. जो लोग तुम्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें एक दिन अपने कर्मों का फल जरूर मिलेगा. मुझे पूरा विश्वास है कि तुम एएमएमए की बेहतरीन अध्यक्ष बनोगी और मैं तुम्हारे साथ पूरी तरह खड़ा हूं."
इसे भी पढ़ें: Raksha Bandhan Special: बॉलीवुड के ये भाई-बहन जो लाइमलाइट से रहते हैं दूर, लेकिन रिश्ता है बेहद खास